भोपाल, 18 नवंबर। नगर निगम ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथों और सड़कों पर लगी अस्थाई दुकानें, ठेले, गुमठियां और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। निगम की टीम ने 14 ठेले, एक गुमठी, पन्नी, तिरपाल, टेबल, पलंग, कुर्सियां, गद्दे, तराजू और इलेक्ट्रॉनिक कांटे सहित अन्य सामान जब्त किया। इसके अलावा जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए कोलार के बंजारी क्षेत्र में एक मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बोट क्लब, वल्लभ भवन, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, कोलार, बंजारी, ललिता नगर, रोहित नगर, 1100 क्वार्टर, एम्स, रचना नगर, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, टीला जमालपुरा, हमीदिया रोड, करोंद चौराहा, अयोध्या नगर और सोनागिरी सहित कई इलाकों में कार्रवाई की।
रोहित नगर में बांस-बल्ली के दो अस्थाई छप्पर हटाए गए, जबकि चांदबड़-सेमरा में सड़क पर बनाए गए अस्थाई स्पीड ब्रेकर को तोड़ा गया। चांदबड़, अशोका गार्डन और मुकद्दस नगर में रास्ते में बाधा बन रहे दोपहिया और चार पहिया वाहनों को हटाया गया। कई स्थानों पर फुटपाथ से सब्जी और कपड़ों की दुकानें, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सियां और बेंच भी हटाई गईं।
पंचशील नगर में जर्जर भवन का हिस्सा तोड़ा
निगम अमले ने यांत्रिक विभाग की कार्रवाई में सहयोग करते हुए पंचशील नगर के वार्ड क्रमांक 47 में घोषित जर्जर मल्टी के खतरनाक हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की। वहीं, कोलार के बंजारी क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर एक मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। निगम के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर भी की जा रही है।
