भोपाल, 22 अगस्त। राजधानी के आवासीय क्षेत्रों में कथित अवैध निर्माण, अतिक्रमण और आवासीय भूखंडों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ रहवासियों का विरोध तेज हो गया है। रहवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए आज शाम टॉर्च लाइट मार्च निकालने का ऐलान किया है। मार्च शाम 7 बजे सेवय मार्केट से शुरू होकर त्रिलंगा होते हुए पुराने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर के सामने समाप्त होगा।
रहवासियों का आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद आवासीय क्षेत्रों में कथित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों को बंद कराया था, लेकिन अब उन्हीं स्थानों पर ‘TO-LET’ के बोर्ड लगाए जा रहे हैं और नए किरायेदार तलाशे जा रहे हैं।
‘नोटिस नहीं, अवैध निर्माण सील करो’
रहवासियों का कहना है कि यदि अवैध निर्माण चिन्हित किए जा चुके हैं तो उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि लगातार नोटिस, सर्वे और कागजी कार्रवाई के बावजूद जमीन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध निर्माण संचालकों को फायदा मिल रहा है।
याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से अरेरा कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों में अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों का मुद्दा प्रशासन के सामने उठाते रहे हैं। उनके अनुसार आवासीय भूखंडों पर संचालित बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पार्किंग, यातायात, प्रदूषण और सार्वजनिक सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रहवासियों का विरोध किसी व्यापारी या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि आवासीय क्षेत्रों के मूल स्वरूप और कानून के पालन के लिए है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन संस्थानों को कार्रवाई के बाद बंद कराया गया था, यदि वे दोबारा खुलते हैं या वहां नए किरायेदार तलाशे जाते हैं तो यह नगर निगम की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है।
22 अगस्त को टॉर्च लाइट मार्च
रहवासियों ने कहा कि टॉर्च लाइट मार्च के माध्यम से प्रशासन और नगर निगम तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी। उनकी प्रमुख मांग है कि सिर्फ नोटिस जारी करने के बजाय अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर कानून के अनुसार तत्काल सीलिंग और कठोर कार्रवाई की जाए।
मार्च का समय: शाम 7 बजे
स्थान: सेवय मार्केट से प्रारंभ, त्रिलंगा होते हुए पुराने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर के सामने समापन।
रहवासियों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन को न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
