State

निशातपुरा में 292 नशीले इंजेक्शन के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

पीपुल्स मॉल के पास पुलिस ने पकड़ा, इंजेक्शन कहां से लाया और किसे सप्लाई करने वाला था, इसकी जांच जारी

भोपाल। निशातपुरा पुलिस ने नशे के इंजेक्शन की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 292 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इनमें 146 बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड और 146 फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि द्वारका नगर निवासी प्रेम शर्मा (20) गांधी नगर की ओर से पीपुल्स मॉल के पास किसी को नशे के इंजेक्शन देने आने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी मनोज पटवा के नेतृत्व में टीम ने न्यू जेल रोड स्थित सी साइट रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से दो अलग-अलग पन्नियों में रखे 292 इंजेक्शन मिले। इनमें बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 146 इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित मादक पदार्थ की श्रेणी में पाए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी इंजेक्शन जब्त कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1144/26 के तहत धारा 8/22(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और किन लोगों को सप्लाई किए जाने थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में शाहजहांनाबाद थाने के लूट और स्टेशन बजरिया थाने के मारपीट के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज पटवा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।

Related Articles