State

दो जिलों में 109 गौवंश तस्करी से मुक्त, 54 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

बैतूल में ट्रक से 51 और सिवनी में कंटेनर से 58 गौवंश मिले; सिवनी में एक आरोपी गिरफ्तार, बैतूल में चालक फरार

भोपाल। प्रदेश में गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ बैतूल और सिवनी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 109 गौवंश को मुक्त कराया है। दोनों मामलों में पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और कंटेनर जब्त किए हैं। जब्त वाहनों और गौवंश की कुल कीमत 54 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। सिवनी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बैतूल में ट्रक चालक फरार हो गया।

बैतूल: ट्रक में ठूंसकर भरे थे 51 गौवंश

बैतूल जिले के सांईखेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-47 से ट्रक में गौवंश को अवैध रूप से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ससुन्द्रा आरटीओ चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। पुलिस को देखकर चालक भाग निकला। तलाशी में ट्रक के अंदर 51 बैल और बछड़े रस्सियों से बंधे और ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने सभी को मुक्त कराकर पारसडोह गौशाला पहुंचाया। इस मामले में ट्रक और गौवंश सहित 34 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। चालक की तलाश जारी है।

सिवनी: कंटेनर में मिले 58 गौवंश, आरोपी गिरफ्तार

सिवनी जिले के छपारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बंजारी माता मंदिर के पास एक कंटेनर रोका। जांच में उसमें 58 गौवंश के पैर और मुंह बंधे मिले। पुलिस ने सभी को मुक्त कराकर उपचार और देखरेख के लिए पिंडरई गौशाला भेजा। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कंटेनर और गौवंश सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

दोनों मामलों में मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सिवनी मामले में मोटरयान अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस ने लोगों से गौवंश के अवैध परिवहन या पशुओं के साथ क्रूरता की जानकारी डायल-112 अथवा नजदीकी थाने में देने की अपील की है।

Related Articles