सुरक्षित बचपन ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला

भोपाल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत रविवार को एकलव्य आवासीय विद्यालय (गुरुकुलम), भोपाल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 550 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत अमरकंटक में आयोजित अभियान के राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह के सीधे प्रसारण से हुई। इसके बाद विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) कुमुदिनी पटेल ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहानियों और उदाहरणों के माध्यम से अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा अनुचित व्यवहार की शिकायत करने के बारे में समझाया। उन्होंने बच्चों से ऐसी घटनाओं को अभिभावकों, शिक्षकों या विश्वसनीय व्यक्ति को बताने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश हिमांशु कौशल ने नालसा, सालसा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका बताते हुए निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत और बाल अधिकारों की जानकारी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी ने हेल्पलाइन नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी।
आवाज संस्था के सपोर्ट पर्सन नितिन व्यास और रिसोर्स पर्सन मालती पटेल ने भी बाल संरक्षण पर मार्गदर्शन दिया। अभियान के तहत 1 से 6 नवंबर तक विद्यालयों में बाल सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा और विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।





