State

आईएसबीटी के कॉरिडोर से हटेंगे अतिक्रमण, गैर संचालित बसों पर भी कार्रवाई

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने किया बस टर्मिनस का निरीक्षण, चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना

भोपाल। कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में अव्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बस स्टैंड परिसर में खड़ी गैर संचालित बसों को हटाने, कॉरिडोर को पूरी तरह खाली रखने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निगम के अमले ने रविवार को निरीक्षण के दौरान चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक से 5 हजार रुपए का स्पॉट फाइन वसूला।

निगम आयुक्त अहिरवार ने रविवार को आईएसबीटी परिसर का निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड, कॉरिडोर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण में कॉरिडोर में बस ऑपरेटरों और दुकानदारों द्वारा सामान रखकर आवागमन बाधित करने का मामला सामने आया।

कॉरिडोर में सामान रखने वालों पर जुर्माना

निगम आयुक्त ने बस संचालकों और दुकानदारों को कॉरिडोर में किसी भी प्रकार का सामान नहीं रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से स्पॉट फाइन किया जाए।

निर्देश के बाद निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने कार्रवाई करते हुए चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक से 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। साथ ही कॉरिडोर में रखा सामान भी हटवाया गया।

गैर संचालित बसों को हटाने के निर्देश

निगम आयुक्त ने बस स्टैंड क्षेत्र में खड़ी गैर संचालित बसों को हटाने और संचालित बसों का ठहराव निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों के अनावश्यक रूप से खड़े रहने से परिसर में अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा आईएसबीटी परिसर और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने, स्मार्ट सिटी द्वारा रखवाई गई साइकिलों को व्यवस्थित रखने तथा पूरे परिसर में उच्च स्तरीय साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त भुवन गुप्ता और चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles