पटाखा बाजारों में 24 घंटे तैनात रहेगा अग्निशमन अमला

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने लिली टॉकीज पटाखा बाजार का किया निरीक्षण, दुकानदारों को निर्धारित सीमा में दुकानें लगाने के निर्देश
भोपाल। दीपावली के दौरान पटाखा बाजारों में आगजनी की घटनाओं को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने रविवार को लिली टॉकीज क्षेत्र में लगने वाले पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पटाखा बाजारों में अग्निशमन की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और पर्याप्त संसाधनों से लैस फायर ब्रिगेड अमले को 24 घंटे तैनात रखने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने दुकानदारों को निर्धारित सीमा में ही दुकानें लगाने और बाजारों में आवागमन के रास्ते खुले रखने की हिदायत दी। उन्होंने सड़कों और पटाखा बाजारों के आसपास अतिक्रमण नहीं होने देने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने शहर के अन्य क्षेत्रों में लगने वाले पटाखा बाजारों और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सभी बाजारों में अग्निशमन के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। बाजारों में फायर ब्रिगेड अमले की लगातार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
फायर ब्रिगेड मुख्यालय का भी निरीक्षण
निगम आयुक्त ने यातायात पार्क स्थित नगर निगम के फायर ब्रिगेड मुख्यालय का निरीक्षण कर उपलब्ध वाहनों, संसाधनों और कर्मचारियों की जानकारी ली। उन्होंने अग्नि दुर्घटनाओं और अन्य आपदाओं के समय उपलब्ध संसाधनों का पूरी क्षमता से उपयोग करने तथा फायर अमले को हमेशा तत्पर रखने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पटाखा बाजारों में दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने और गंदगी नहीं फैलाने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





