
भ
ोपाल। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी कार्रवाई के तहत सीहोर रोड स्थित साईं बाबा ट्रेडिंग का निरीक्षण किया गया, जहां विभिन्न प्रकार की कुल 114 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई। जब्त मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 22,800 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान नंदी स्वीट हलवा 27 किलो, कृष्णा हलवा 27 किलो, गोपाल स्वीट्स बर्फी 30 किलो और कृष्णा डिलिशियस स्वीट 30 किलो जब्त की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित खाद्य पदार्थों के विधिवत नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूपता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पैकेट पर वनस्पति और पामोलिन तेल का उल्लेख
निरीक्षण के दौरान Krishna Delicious Sweet के पैकेट पर सामग्री में Milk Solids, Sugar, Partially Hydrogenated Oils (Vanaspati) और Refined Palmolein Oil आदि का उल्लेख पाया गया। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता और मानक अनुरूपता का अंतिम निर्धारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही किया जाएगा।
त्योहारी अवधि में खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
