स्थापना दिवस पर खाद्य मंत्री ने कहा- गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
सागर। मध्यप्रदेश विकासशील राज्य से विकसित राज्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं का कल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर सागर के सांदीपनि विद्यालय में आयोजित समारोह में कही।
मंत्री राजपूत ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश केवल भारत के नक्शे पर बना एक राज्य नहीं, बल्कि देश की आत्मा, संस्कृति और सभ्यता का जीवंत स्वरूप है। यह राजा विक्रमादित्य की न्यायप्रियता, सम्राट अशोक के इतिहास और रानी दुर्गावती व रानी अवंतीबाई के शौर्य एवं बलिदान की भूमि है।
उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन, भगवान श्रीराम के वनगमन पथ, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम और ज्योतिर्लिंगों के कारण प्रदेश का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। मां नर्मदा, विंध्य और सतपुड़ा की पर्वत श्रृंखलाएं, कान्हा-बांधवगढ़ के वन, खजुराहो की कला और सांची का इतिहास मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं।
औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर
मंत्री राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश की स्थापना 1 नवंबर 1956 को हुई थी। सरदार वल्लभ भाई पटेल के देश के एकीकरण के प्रयासों से मध्यप्रदेश के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने सरदार पटेल की जयंती पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कृषि, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उद्योग नीति के परिणामस्वरूप प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश के साथ बुंदेलखंड में भी नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं, जिससे रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट के साथ चीता स्टेट के गौरव से भी सुशोभित है। सागर जिले में कृषि के क्षेत्र में नवाचार और विशिष्ट कार्य करने वाले किसानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समृद्ध खेती से ही किसानों की समृद्धि संभव है।
नवाचार करने वाले किसानों का सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में जैविक और प्राकृतिक तकनीक से दलहन की खेती, मक्का सायलेज यूनिट की स्थापना, कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने, प्राकृतिक खेती, कृषक उत्पादक संगठन के गठन और जैविक आदानों के निर्माण सहित कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को विधायक शैलेंद्र जैन और महापौर संगीता तिवारी ने भी संबोधित किया। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय और सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
