न्यू मार्केट में दुकानों की सीमा तय होगी, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण, यलो लाइन मार्किंग जल्द पूरी कराने और सफाई व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर

भोपाल। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने रविवार को न्यू मार्केट के आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों की सीमा निर्धारित करने के लिए की जा रही यलो लाइन मार्किंग का काम शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित सीमा के अंदर ही सामान रखकर व्यवसाय करने की समझाइश देने को कहा।

निगम आयुक्त ने बाजार के सभी मार्गों और कॉरीडोर को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने क्षतिग्रस्त टाइल्स को बदलकर नई टाइल्स लगाने और फुटपाथों सहित अन्य स्थानों से धूल-मिट्टी हटाने को कहा।

आयुक्त ने न्यू मार्केट के आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों को व्यवस्थित रखने तथा दिन और रात की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दुकानों पर डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखवाने और पूरे बाजार में स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version