शरद पूर्णिमा पर मिठाई दुकानों की जांच, पनीर-मावा और लड्डुओं के नमूने लिए

भोपाल, 25 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के तीन मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर, मावा, दूध और लड्डुओं के नमूने लिए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार, जय श्री कृष्ण स्वीट्स, अमरनाथ से पनीर, मावा और दूध के नमूने लिए गए। गुर्जर डेयरी एवं स्वीट्स, छोला रोड से मावा और शरद पूर्णिमा स्पेशल लड्डू के नमूने लिए गए। वहीं, गुप्ता स्वीट्स एंड नमकीन, छोला रोड से मावा और मावा के लड्डुओं के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
चांदी के वर्क के नाम पर सावधानी बरतने की अपील
त्योहारों के दौरान मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए उन पर धातु का वर्क लगाया जाता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मिठाई की चमक के बजाय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान दें। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप चांदी का वर्क इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि एल्युमिनियम या अन्य गैर-अनुमोदित धातुओं के वर्क का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
विभाग के अनुसार, पारंपरिक तरीके से वर्क को उंगलियों के बीच रगड़ने पर चांदी का वर्क बारीक कणों में बिखर सकता है, जबकि एल्युमिनियम वर्क सिकुड़कर गांठ जैसा रूप ले सकता है। हालांकि, यह पहचान का प्रमाणित तरीका नहीं है। धातु की वास्तविक पहचान प्रयोगशाला जांच से ही की जा सकती है।





