वार्ड 46 में विकास कार्यों के बीच स्लम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल

अ

र्जुन नगर में कचरे से भरी नालियां और गलियों में बहता सीवेज
-जोन कार्यालय के नीचे भी गंदगी का अंबार

भोपाल, 1 नवंबर. नगर निगम के वार्ड 46 में एक दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी कॉलोनियां हैं। इनमें सीसी रोड, पार्क, जिम, स्ट्रीट लाइट और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए काफी काम किए गए हैं। बिजली और पानी की व्यवस्था से भी लोगों को राहत है। लेकिन वार्ड के कुछ स्लम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। यहां नालियां कचरे से भरी हैं और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।्र वार्ड में शिवाजी नगर, चार इमली, दुर्गा नगर, प्रियदर्शिनी नगर, ऋषि नगर और अर्जुन नगर सहित कई कॉलोनियां हैं। चार इमली, ऋषि नगर और शिवाजी नगर वीआईपी क्षेत्र हैं। यहां मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी निवास करते हैं। इन क्षेत्रों में नगर निगम का अमला नियमित रूप से सक्रिय दिखाई देता है। वहीं स्लम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-अर्जुन नगर में नालियां कचरे से भरी
्रअर्जुन नगर को वार्ड का स्लम क्षेत्र माना जाता है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बने हुए हैं, जिनमें करीब 500 परिवार रहते हैं। यह क्षेत्र कवर्ड कैंपस है और बाहर से साफ-सुथरा दिखाई देता है, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी से भरी नालियां नजर आती हैं। क्षेत्र से गुजरने वाले नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने की शिकायत है। आवासों का सीवेज पानी दीवारों से बहकर गलियों में पहुंच रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों के लिए यहां रहना मुश्किल हो रहा है।

-प्रियदर्शनी नगर में सफाई में अनियमितता
चार इमली से लगा प्रियदर्शनी नगर भी स्लम क्षेत्र है। यहां कचरा उठाने और नालियों की सफाई का काम नियमित रूप से किया जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर झाड़ू नहीं लगने या पांच से छह दिन में सफाई होने की जानकारी सामने आई है। इससे कुछ हिस्सों में गंदगी बनी रहती है।

-जोन कार्यालय के नीचे गंदगी
छह नगर स्थित नगर निगम के जोन क्रमांक 8 कार्यालय के पीछे, उसी भवन के नीचे अवैध रूप से शौचालय बना हुआ है। यहां गंदगी फैली रहती है। आसपास मैकेनिक और अन्य दुकानों का संचालन होता है। दुकानदारों को गंदगी से उठने वाली बदबू के कारण परेशानी होती है। स्थानीय स्तर पर यहां नियमित सफाई नहीं होने की स्थिति सामने आई है। साथ ही गंदगी फैलाने से रोकने के लिए कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। निगम कार्यालय के आसपास ही सफाई व्यवस्था की यह स्थिति नगर निगम के स्वच्छता संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती है।

वार्ड 46 में करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए: योगेंद्र चौहान
वार्ड 46 के कांग्रेस पार्षद योगेंद्र चौहान ने बताया कि उनके कार्यकाल में वार्ड में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें लाइब्रेरी, पार्क, हेल्थ क्लब, संजीवनी क्लीनिक और पांच ओपन जिम का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा मंदिरों का जीर्णोद्धार, सडक़ों का निर्माण, पेविंग ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट और अमृत 2.0 योजना के कार्य भी कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा नगर, प्रियदर्शिनी नगर, ऋषि नगर, अर्जुन नगर और बुद्ध विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में पानी की लाइन, सामुदायिक भवन और अन्य सुविधाओं का विकास किया गया। पांच नंबर तालाब के पास सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और शेड निर्माण के कार्य भी कराए गए हैं। राजीव गांधी स्कूल में करीब दो करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी सहयोग किया गया।

रहवासियों ने बताया

यहां पर पांच नंबर की दुकानों को शिफ्ट किया गया है. यहां पर कचरा विगत तीन माह से पड़ा हुआ है. उसे उठाया नहीं जाता है. कचरा वाहन और सफाई कर्मचारी प्रतिदिन यहां पर कार्य करते हैं.
विवेक, मोची की दुकान शिवाजी नगर
,
हमारे यहां सभी कार्य हो रहे हैं. किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है. अवकाश होने की स्थिति में सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं. वैसे यहां पर प्रतिदिन सफाई कर्मचारी और कचरा वाहन आता है.
लक्ष्मण गिरी, अर्जुन नगर

यहां पर झाड़ू लगना तो भूल ही जाओ. महिने में एक या दो बार लगती है. वहीं कचरा का ढेर लगा रहता है. ज्यादा होने पर निगम कर्मचारी इसमें आग लगा देते हैं उसके बाद बचे कचरे को नाले में डाल देते हैं. कचरा उठाया ही नहीं जाता है.
बी एन मिश्रा, किराना दुकान, अर्जुन नगर

यहां पर नालों की कभी सफाई नहीं की गई है. कचरा वाहन भी कभी नहीं आता है. कचरे के ढेर के कारण यहां पर मच्छरों की भरमार है.
विनय केवट अर्जुन नगर

वैसे तो यहां पर कभी सफाई नहीं होती है. बस दिवाली या 26 जनवरी, 15 अगस्त अन्य त्यौहारों पर जरुर सफाई होती है. लेकिन नाले की तो कभी सफाई नहीं की गई. कचरे से भरा हुआ है.
देवेंद्र गिरी, अर्जुन नगर

यहां पर सफाई समय पर होती है. प्रतिदिन कचरा वाहन आता है. जो समय पर कचरा लेकर जाता है. पानी बिजली से यहां के रहवासियों को पूरी तरह से राहत है.
मनोज धूरिया, शिवाजी नगर

हमारे यहां पर पार्क और सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया है. जिनसे यहां की जनता को घूमने और आयोजनों के लिए बड़ी राहत मिली है. सफाई वगैराह समय पर होती है.
मुकु वर्मा, संहिता कॉम्पलेक्स दुर्गा नगर

पानी समय पर आता है. यहां स्ट्रीट लाइट लगी हुई हैं जिससे रात्रि में जनता को परेशानी नहीं होती है. यहां पर कवर्ड केंपस होने से सुरक्षा बनी हुई है.
राहुल गिरी, अर्जुन नगर कॉलोनी

हमारे यहां पर सडक़ों का निर्माण समय समय पर होता रहा है. वहीं तालाब के किनारे पार्क का विकास हुआ है. जिससे यहां के रहवासियों को व बच्चों को घूमने फिरने खेलने से राहत मिली है. सफाई प्रतिदिन होती है. कचरा जैसी समस्या यहां पर नहीं है.
राजेंद्र भार्गव शिवाजी नगर पांच नंबर

Exit mobile version