State

मुस्कान ढाबे से 72 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, 20 प्रकरण दर्ज

आबकारी विभाग की जिलेभर में कार्रवाई, अरेरा कॉलोनी से कोलार तक रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच; ढाबा संचालक फरार

भोपाल। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने रविवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बैरसिया क्षेत्र के मुस्कान ढाबे से 72 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। वहीं, शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट, बार और ढाबों की जांच कर अवैध मदिरापान कराने और करने वालों के खिलाफ 20 प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।

मुस्कान ढाबे से 31,800 रुपए की शराब जब्त

बैरसिया वृत्त में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और उपनिरीक्षक चंदर सिंह की टीम ने परेवाखेड़ा स्थित भोपाल-इंदौर बायपास के मुस्कान ढाबे पर कार्रवाई की। यहां से देशी प्लेन शराब की छह पेटी और देशी मसाला शराब की दो पेटी, कुल 72 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई।

इस मामले में बड़ागांव, तहसील बैरसिया निवासी आनंद, पिता खूबी लाल दांगी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 31,800 रुपए बताई गई है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मौके से फरार मुस्कान ढाबा संचालक की तलाश जारी है।

रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच

दूसरी टीम ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज दुबे के नेतृत्व में अरेरा कॉलोनी के पेज-3 और सोरा सहित देर रात कोलार और रोहित नगर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान कंट्री साइड कल्चर, टू स्टेट, कंट्री साइड मीडोज, रॉयल दरबार, देशी ढाबा और फॉरेस्टा रेस्टोरेंट की जांच की गई।

अवैध रूप से शराब पिलाने और शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(ए) और 36(बी) के तहत कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए।

### संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी जारी

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक करने के साथ अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और मदिरापान पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिलेभर में संदिग्ध स्थानों पर सघन गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कार्रवाई में भोपाल जिले के सभी सहायक जिला आबकारी अधिकारी, उपनिरीक्षक और आबकारी बल के कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles