State

भोपाल में खाद्य सुरक्षा की कार्रवाई, 32.46 लाख का माल दर्ज

दूध, घी और पनीर की जांच में मिली गड़बड़ी, जुलाई-अगस्त में 17 कार्रवाई

भोपाल, 8 सितंबर। राजधानी में दूध और उससे बने उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार जुलाई और अगस्त 2026 में की गई 17 कार्रवाइयों में करीब 32.46 लाख रुपए कीमत की खाद्य सामग्री दर्ज की गई। इनमें बड़ी मात्रा में घी के साथ पनीर और अन्य दुग्ध उत्पाद शामिल हैं।

रिकॉर्ड के मुताबिक 28 जुलाई से 22 अगस्त के बीच हुई कार्रवाई में सबसे ज्यादा मात्रा घी की रही। 6 अगस्त को एक प्रतिष्ठान से 3,870.8 लीटर देसी घी दर्ज किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2.47 लाख रुपए बताई गई। इसी दिन दूसरी कार्रवाई में 1,444 लीटर गोवर्धन गाय का घी दर्ज हुआ, जिसकी कीमत 9.52 लाख रुपए बताई गई। दोनों मामलों में ही 5,300 लीटर से ज्यादा घी की मात्रा दर्ज हुई।

29 जुलाई को भी कई जगह कार्रवाई की गई। इनमें 623 लीटर गोवर्धन गाय का घी, 685.8 किलो/लीटर घी, 391.5 लीटर घी, 397.57 किलो घी और 102 लीटर घी शामिल है। इन मामलों में भी लाखों रुपए की खाद्य सामग्री दर्ज की गई।

28 जुलाई को 171 किलो पनीर और 80 किलो घी जब्त किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत 96,150 रुपए बताई गई। अगस्त में पनीर की जांच भी जारी रही। 13 अगस्त को दो स्थानों से 74 और 89 किलो पनीर दर्ज किया गया। वहीं 22 अगस्त को तीन प्रतिष्ठानों से 59, 116 और 10 किलो पनीर की कार्रवाई हुई।

एक अन्य मामले में 15 किलो पनीर और 348 किलो घी भी दर्ज किया गया, हालांकि रिकॉर्ड में इसकी अनुमानित कीमत नहीं दी गई है।

विभागीय विवरण में सभी 17 कार्रवाइयों की कुल अनुमानित कीमत 32,46,131 रुपए दर्ज है। अब इन मामलों में लिए गए खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Related Articles