State

WCRMS की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महिला सशक्तीकरण और भर्ती के अवसरों पर चर्चा

अशोक शर्मा के नेतृत्व में हुई बैठक, महिला उपाध्यक्ष का पद आरक्षित; स्थानांतरण और पदोन्नति से जुड़े मुद्दे भी उठे

भोपाल, 24 अक्टूबर। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को भोपाल रेलवे स्टेशन स्थित संघ कार्यालय में हुई। संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कर्मचारियों के हितों, महिला सशक्तीकरण, भर्ती और पदोन्नति के अवसरों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें तीनों मंडलों के अध्यक्षों, सचिवों, पदाधिकारियों, महिला सदस्यों और कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

बैठक में संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला उपाध्यक्ष का पद आरक्षित करने की जानकारी दी गई। अशोक शर्मा ने बताया कि संगठन में पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाकर 16 कर दी गई है और इसके लिए शासन की स्वीकृति भी मिल गई है। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्थानांतरण और भर्ती के अवसरों पर चर्चा

बैठक में बताया गया कि पहले स्थानांतरण के लिए पंजीयन कराने वाले कर्मचारियों के आदेश निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी किए जा रहे हैं। जो कर्मचारी अब स्थानांतरण नहीं चाहते, उन्हें HRMS के माध्यम से अपना पंजीयन निरस्त कराने के लिए जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई।

कर्मचारियों के लिए 25 प्रतिशत GDCE के तहत अवसर, पात्र कर्मचारियों के लिए LDCE के माध्यम से आगे बढ़ने के विकल्प और मलेरिया खलासी जैसे पदों से क्लेरिकल संवर्ग में आने के अवसरों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा स्थानांतरण नीति में एकरूपता लाने का मुद्दा उठाया गया।

कर्मचारी हितों की रक्षा पर जोर

बैठक में कर्मचारियों को उपलब्ध अवसरों, सेवा संबंधी समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया। संघ ने कर्मचारी हितों की रक्षा करने, पात्र कर्मचारियों को समान अवसर दिलाने और संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास जारी रखने की बात कही।

बैठक का आयोजन मंडल अध्यक्ष आरके शर्मा और मंडल सचिव कमलेश परिहार की ओर से किया गया। इसमें विभिन्न मंडलों से आए प्रतिनिधियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

Related Articles