State

जन सुरक्षा संवाद से जुड़े 60 हजार से अधिक कॉलेज विद्यार्थी

पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल, साइबर सुरक्षा, कानून, मानसिक स्वास्थ्य और नागरिक अधिकारों की दी जा रही जानकारी

भोपाल। युवाओं को कानून, संविधान और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग मिलकर जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित कार्यशालाओं और अन्य गतिविधियों से अब तक 60 हजार से अधिक विद्यार्थी जुड़ चुके हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस की पूर्व संध्या पर भी प्रदेश के महाविद्यालयों में ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनाना है। कार्यक्रम में संविधान, मौलिक अधिकार, नए आपराधिक कानून, साइबर अपराधों से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है।

66 कॉलेजों के 136 प्राध्यापकों को दिया प्रशिक्षण

कार्यक्रम के संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय की सामुदायिक पुलिसिंग शाखा ने 10 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें प्रदेश के 66 शासकीय महाविद्यालयों के 136 प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया। इन्हें विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित कर सकें। इसके बाद 14 और 15 अक्टूबर को पुलिस अधिकारियों और उच्च शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों के बीच ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन को लेकर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम तय किया गया है। पहले दिन कॉलेज में कार्यशाला और दूसरे दिन पुलिस थाने का भ्रमण कराया जा रहा है।

थाना पहुंचकर समझ रहे पुलिस की कार्यप्रणाली

कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के तरीके बताए जा रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और सामाजिक सद्भाव पर भी चर्चा हो रही है। दूसरे दिन विद्यार्थियों को पुलिस थानों का भ्रमण कराया जाता है। यहां उन्हें पुलिस की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और नागरिकों को दी जाने वाली सहायता की जानकारी मिलती है। विद्यार्थी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे सवाल भी पूछ रहे हैं।

पुलिस और युवाओं के बीच बढ़ेगा संवाद

यह कार्यक्रम पुलिस और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने की पहल है। इसके जरिए विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि सुरक्षित समाज बनाने में पुलिस के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, कानून का पालन करने, साइबर सुरक्षा के नियम अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Related Articles