आरा मशीनों की शिफ्टिंग पर रविवार को लगा ब्रेक, आज से फिर शुरू होगा काम

पहले दिन 10 मशीनें छोटा रातीबड़ पहुंचीं, पहले चरण में 40 मशीनों को हटाने की तैयारी
भोपाल। मेट्रो रेल लाइन के रास्ते में आ रही आरा मशीनों को शिफ्ट करने का काम रविवार को दूसरे दिन ही थम गया। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता के चलते रविवार को शिफ्टिंग नहीं हो सकी। अब सोमवार से दोबारा काम शुरू किया जाएगा।
पहले दिन शनिवार को 10 आरा मशीनों को परवलिया सड़क स्थित छोटा रातीबड़ में शिफ्ट किया गया था। पहले चरण में करीब 40 आरा मशीनों को हटाया जाना है। इनमें से 10 मशीनें शिफ्ट हो चुकी हैं, जबकि 30 मशीनें अभी बाकी हैं। छोटा रातीबड़ में 18 एकड़ जमीन पर शिफ्टिंग पूरी होने के बाद मेट्रो लाइन का काम गति पकड़ सकेगा।
भारत टॉकीज, पुल पातरा और आसपास के क्षेत्रों में संचालित 108 आरा मशीनों को हटाने की मांग करीब 50 साल से लंबित थी। अब मेट्रो परियोजना के चलते प्रशासन ने इन मशीनों को छोटा रातीबड़ में बसाने की योजना बनाई है। पहले चरण में 40 मशीनों की शिफ्टिंग पूरी होने के बाद दूसरे चरण में शेष मशीनों को हटाया जाएगा।
एसडीएम लाखन सिंह चौधरी ने बताया कि रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता के कारण शिफ्टिंग का काम नहीं हो सका। सोमवार से दोबारा मशीनों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।





