भोपाल। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने गुरुवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने किया। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय पर एकत्र हुईं और वहां से जुलूस के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हुईं।
कलेक्टर कार्यालय जाने से पहले पुलिस ने रोका
महिलाओं के कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने पर पुलिस ने करीब आधा किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और उसी स्थान पर भाजपा का पुतला जलाया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदेशभर में प्रदर्शन का दावा
रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राज्यभर में महिला कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपकर नामांकन निरस्तीकरण का विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शन के माध्यम से पार्टी ने उम्मीदवार की उम्मीदवारी समाप्त करने के लिए अपनाए गए कथित तरीकों की निंदा की।
प्रदर्शन में फरजाना खान, संतोष कंसाना, महक राणा, अनीता शर्मा, राजकुमारी केवट, चंदा चौहान, यशोदा पांडे, नीतू सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
