PoliticsState

पेट्रोल-डीजल कीमतों के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, दोपहिया वाहन कबाड़ में बेचकर जताया विरोध

भोपाल के पूल बोगदा चौराहे पर सोमवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक दोपहिया वाहन को प्रतीकात्मक रूप से कबाड़ में बेचकर बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व मो. शावर ने किया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दामों ने आम नागरिकों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है और अब मध्यम वर्ग के लिए वाहन चलाना भी कठिन होता जा रहा है।

“महंगाई से आम आदमी परेशान”

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईंधन कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” जैसे नारे लगाए और कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर आम और निम्न आय वर्ग पर पड़ रहा है।

मो. शावर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

प्रतीकात्मक विरोध ने खींचा लोगों का ध्यान

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दोपहिया वाहन को कबाड़ में बेचने की प्रतीकात्मक कार्रवाई ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ईंधन इतना महंगा हो चुका है कि आम नागरिकों के लिए वाहन रखना और चलाना आर्थिक बोझ बनता जा रहा है।

प्रदर्शन में आसिफ अली, अरमान अली, अंकित साहू, सुनील शर्मा, राशिद खान, रफीक अहमद, अतीक खान, मेहफूज भाई और आशु खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles