हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं कार्यकर्ता: हेमंत खण्डेलवाल

बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली

बैतूल/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘विजय भवन’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल संगठन तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने तिरंगा यात्रा में पूर्व सैनिकों, प्रबुद्धजनों और समाज के प्रभावी व्यक्तित्वों को शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों के नेतृत्व में यात्रा आयोजित करने से इसकी गरिमा और भव्यता बढ़ेगी। तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की भागीदारी को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

हर बूथ के हर घर तक पहुंचे तिरंगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना भी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए और हर बूथ के प्रत्येक घर, परिवार तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक घरों में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करने की बात कही।

बैतूल बाजार मंडल की बैठक में भी दिए निर्देश

हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल बाजार मंडल में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर शक्ति केंद्र प्रभारियों और संयोजकों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने आगामी अभियानों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, चन्द्रशेखर देशमुख, डॉ. योगेश पंडाग्रे, गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, अभियान के जिला संयोजक कृष्णा गायकी सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version