आवासीय कॉलोनियों में अवैध कारोबार पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

-अधिकारियों की मिलीभगत पर उठाए सवाल
-अवैध निर्माणों को बढ़ावा देने वाले कौन: सुप्रीमकोर्ट
-हर उल्लंघन की कीमत तय होने पर जताई नाराजगी

भोपाल, 23 नवंबर. आवासीय कॉलोनियों में नियमों की अनदेखी कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने और अनधिकृत निर्माणों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने सवाल उठाया कि जिस जगह आज परिवार रह रहे हैं, वहां कल होटल और परसों कोई दूसरा कारोबार कैसे शुरू हो जाता है? आखिर ऐसे निर्माणों और गतिविधियों को अनुमति कौन दे रहा है? कोर्ट ने कहा कि बड़े स्तर पर मिलीभगत और राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना आवासीय क्षेत्रों का स्वरूप बदलना संभव नहीं है। यह समस्या अब देशभर में फैल चुकी है। न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने लोगनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। मामले में अरेरा कॉलोनी सहित अन्य आवासीय क्षेत्रों में अवैध भू-उपयोग, व्यावसायिक गतिविधियों और हजारों अनधिकृत निर्माणों का मुद्दा भी शामिल है। अदालत ने कहा कि आवासीय क्षेत्रों को बचाने की जिम्मेदारी केवल सुप्रीम कोर्ट की नहीं है। सभी राज्यों के उच्च न्यायालयों को भी ऐसे मामलों में सुनवाई करनी होगी। सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों के नगर निगमों और नगरपालिकाओं से अवैध निर्माणों तथा भूमि उपयोग के उल्लंघन पर अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को होगी। सुनवाई के दौरान न्यायालय में एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) एडवोकेट अजीत कुमार सिन्हा ने मामले की गंभीरता बताते हुए कहा कि इस प्रकरण की सुनवाई जारी रहने के दौरान ही देशभर में अवैध निर्माणों के कारण 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने अवैध निर्माणों से होने वाले हादसों और जनहानि को गंभीर चिंता का विषय बताया।
-हर अवैध निर्माण की कीमत तय, पैसा किसकी जेब में जा रहा?
सुनवाई के दौरान अदालत ने नगर निगमों और नगरपालिकाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी के अनुसार, कोर्ट ने टिप्पणी की कि मानो हर अवैध गतिविधि और भूमि उपयोग के उल्लंघन की कीमत तय है। यह कीमत ली और दी जाती है, जिसके कारण शहरों का स्वरूप बिगड़ता जा रहा है। अदालत ने पूछा कि आखिर वे कौन अधिकारी और प्राधिकारी हैं, जो अवैध निर्माणों को बढ़ावा देने की व्यवस्था बना रहे हैं। अदालत ने चुनाव के दौरान अवैध निर्माणों को नियमित करने की योजनाएं लाने पर भी नाराजगी जताई। सवाल उठाया कि नियमों के अनुसार मकान बनाने वाले नागरिकों के साथ यह कैसा न्याय है कि अवैध निर्माण करने वालों को बाद में नियमितीकरण का लाभ दे दिया जाता है। इससे नियमों का पालन करने वाले नागरिक खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं।
-भोपाल की रिपोर्ट पर भी सवाल, सील किए 190 प्रतिष्ठान फिर खुल गए
सुनवाई के दौरान भोपाल नगर निगम ने सीलिंग कार्रवाई की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की। इस पर रहवासियों ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि वास्तविक स्थिति छिपाकर अदालत को गुमराह किया जा रहा है। शहर में चिह्नित 62 हजार 500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में से 8084 को नोटिस दिए गए थे, जबकि केवल 190 प्रतिष्ठानों को तीन दिन के लिए बंद कराया गया। हैरानी की बात यह है कि सील किए गए प्रतिष्ठान फिर खुल गए और उनमें कारोबार शुरू हो गया।

Exit mobile version