दानापुर-बेंगलुरु कैंट के बीच दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप, दानापुर-अहमदाबाद के लिए भी चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन
भोपाल। छठ पर्व के बाद ट्रेनों में बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत दानापुर से बेंगलुरु कैंट के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं, दानापुर से अहमदाबाद के लिए भी एक वन-वे स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। इन ट्रेनों का भोपाल मंडल के इटारसी, बीना, विदिशा और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
दानापुर-बेंगलुरु कैंट स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 03241 दिनांक 25 नवंबर को दानापुर से रात 8:45 बजे रवाना होगी। अगले दिन शाम 5:30 बजे इटारसी पहुंचेगी और 5:40 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 1 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03242, 28 नवंबर को बेंगलुरु कैंट से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 10:10 बजे इटारसी पहुंचकर 10:20 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 6 बजे दानापुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, विकाराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिन्दुपुर और यलहंका सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
दानापुर-अहमदाबाद वन-वे स्पेशल
गाड़ी संख्या 03223 दानापुर-अहमदाबाद वन-वे स्पेशल 25 नवंबर को रात 10:30 बजे दानापुर से रवाना होगी। यह ट्रेन 26 नवंबर को दोपहर 3:10 बजे बीना, शाम 4:40 बजे विदिशा और शाम 5:55 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। यहां से 5 मिनट बाद रवाना होकर उज्जैन, नागदा, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी और आणंद होते हुए 27 नवंबर को सुबह 6 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
इस ट्रेन का आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी मुड़वारा, दमोह, बीना, विदिशा और संत हिरदाराम नगर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। रेलवे के अनुसार इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से छठ पर्व के बाद लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
