क्राउन स्कोडा भोपाल पर नई कार की बिक्री में पारदर्शिता को लेकर सवाल

ग्राहक का आरोप- डेमो/निजी इस्तेमाल के बाद नई कार बताकर बेची, स्टीयरिंग में भी समस्या
भोपाल/सतना। क्राउन स्कोडा भोपाल से खरीदी गई स्कोडा कोडियाक सिलेक्शन एलएंडके को लेकर श्री राम कृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट, सतना ने बिक्री प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। ट्रस्ट का आरोप है कि जिस वाहन को नई और फ्रेश कार के रूप में बेचा गया, वह डिलीवरी से पहले डीलर मालिक के निजी इस्तेमाल या डेमो में करीब एक महीने तक रही थी। ग्राहक का कहना है कि खरीद के समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई।
ग्राहक के अनुसार, वाहन की ओडोमीटर रीडिंग करीब 1,000 किलोमीटर थी। शुरुआत में डीलरशिप की ओर से बताया गया कि वाहन औरंगाबाद से सड़क मार्ग से भोपाल लाया गया था। बाद में वाहन के निजी इस्तेमाल या डेमो में रहने की जानकारी सामने आने पर ग्राहक ने इसकी वास्तविक स्थिति और उपयोग को लेकर आपत्ति जताई।
टेस्ट ड्राइव में ही सामने आई स्टीयरिंग की समस्या
शिकायत के अनुसार, टेस्ट ड्राइव के दौरान ही स्टीयरिंग अलाइनमेंट की समस्या डीलरशिप के संज्ञान में लाई गई थी। इसके बावजूद डिलीवरी के समय समस्या दूर नहीं होने का आरोप है। बाद में स्टीयरिंग से असामान्य आवाज आने की शिकायत भी की गई। ग्राहक ने इसकी रिकॉर्डिंग डीलरशिप को भेजी। इसके बाद वाहन भोपाल पहुंचने पर डीलरशिप की ओर से स्टीयरिंग रैक बदलने की बात कही गई।
ग्राहक ने वाहन स्वीकार करने से इनकार करते हुए पूरी तरह नई और दोषरहित कार उपलब्ध कराने अथवा पूरी राशि वापस करने की मांग की है।
ट्रस्ट का कहना है कि उसके पास डीलरशिप के साथ हुए व्हाट्सऐप संवाद, ऑडियो रिकॉर्डिंग, दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। हालांकि, ये आरोप ग्राहक पक्ष की शिकायत पर आधारित हैं; डीलरशिप की ओर से इस मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी।





