स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में नागरिक बढ़-चढ़कर दे रहे फीडबैक, 19 लाख से अधिक प्रतिक्रियाएं दर्ज

क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की अपील, मध्यप्रदेश बना अग्रणी राज्य
भोपाल, 13 मई। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश लगातार बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के 406 नगरीय निकायों में स्वच्छता को लेकर व्यापक जनभागीदारी देखने को मिल रही है। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने नागरिकों से क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता सर्वेक्षण में फीडबैक दर्ज कराने की अपील की है।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण विश्व का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान है और मध्यप्रदेश इसमें अपनी संकल्पबद्धता तथा जनसहयोग के दम पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अब तक प्रदेशभर से 19 लाख से अधिक नागरिक फीडबैक दर्ज किए जा चुके हैं, जो स्वच्छता के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी और नागरिक सहभागिता बढ़ाने के लिए तकनीकी माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। क्यूआर कोड आधारित फीडबैक व्यवस्था के जरिए आम नागरिक सीधे अपनी राय और सुझाव दर्ज कर सकते हैं।
प्रदेश के सभी 406 नगरों में नई कार्ययोजना के तहत अपशिष्ट प्रबंधन, दृश्य स्वच्छता और नागरिक संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग का उद्देश्य स्वच्छता अभियान में पारदर्शिता बढ़ाते हुए हर नागरिक को इस महाअभियान का सक्रिय भागीदार बनाना है।



