भोपाल। क्राइम ब्रांच ने गोविंदपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 60 वर्षीय महिला को 10 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, महिला गांजे की खेप भोपाल में सप्लाई करने की तैयारी में थी। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्तूरबा अस्पताल के सामने हनुमान मंदिर के पास एक महिला झोले में गांजा लेकर बैठी है और ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके झोले से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखा 10.100 किलो गांजा मिला।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम किरण अहिरवार (60), निवासी कैची छोला, भोपाल बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी दर्ज हैं चार मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ वर्ष 2019, 2021, 2024 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। वह पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुकी है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
