जनपद पंचायत फंदा की पहल, विधायक रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में होगा दुकानों का निर्माण
भोपाल, 15 मई 2026। जनपद पंचायत फंदा अंतर्गत ग्राम पंचायत कालापानी में ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 शासकीय दुकानों की ओपन नीलामी आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवानी मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कालापानी में शासकीय भूमि पर 20 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। यह पहल रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थायी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
आरक्षण के आधार पर हुई दुकानों की नीलामी
सीईओ शिवानी मिश्रा ने बताया कि दुकानों की नीलामी ओपन लॉटरी और आरक्षण प्रक्रिया के तहत की गई। इनमें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 6 दुकानें, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 2 दुकानें, पिछड़ा वर्ग के लिए 3 दुकानें आरक्षित की गईं। इसके अलावा महिलाओं, विधवा और परित्यक्ताओं के लिए 2 दुकानें, शिक्षित बेरोजगार के लिए 1 दुकान तथा 6 दुकानें अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित की गईं।
नीलामी में सबसे अधिक बोली पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित दुकान नंबर 3 की लगी, जिसे संदीप पाल ने 15 लाख 62 हजार रुपये में खरीदा।
भूतल और प्रथम तल की दुकानों के लिए तय हुई आधार राशि
ग्राम पंचायत द्वारा भूतल की 16 दुकानों के लिए 10 लाख रुपये की शासकीय आधार बोली निर्धारित की गई थी, जबकि प्रथम तल की 4 दुकानों की आधार बोली 7 लाख 50 हजार रुपये तय की गई।
प्रशासन का कहना है कि इन दुकानों के निर्माण से गांव के करीब 20 परिवारों को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और अधिकारी
दुकानों की नीलामी के दौरान सरपंच निलेश मीना, जनपद सदस्य रतन भील, उप सरपंच पंकज तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और बोलीदाता भी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर विकसित होंगे।
ग्राम पंचायत कालापानी में 20 शासकीय दुकानों की नीलामी, ग्रामीणों को मिलेगा स्थायी रोजगार
