सतर्कता से टलीं संभावित रेल दुर्घटनाएं, भोपाल मंडल के चार रेलकर्मियों को संरक्षा अवार्ड

कहीं इंजन से तेल रिसाव तो कहीं ट्रैक्शन मोटर में मिला धुआं, समय रहते खतरे को पहचानकर की कार्रवाई

भोपाल। ड्यूटी के दौरान सतर्कता और तत्परता दिखाकर संभावित रेल दुर्घटनाओं को रोकने वाले भोपाल मंडल के चार रेलकर्मियों को संरक्षा अवार्ड से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने इन कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए। इन रेलकर्मियों ने अलग-अलग घटनाओं में तकनीकी खामियों और आग लगने जैसी स्थितियों को समय रहते पहचानकर जरूरी कदम उठाए।

सम्मानित होने वालों में सलामतपुर की कांटेवाली हर्षिता राय, इटारसी के लोको पायलट संजय उइके और सहायक लोको पायलट मुरारी दुबे तथा बीना के सहायक लोको पायलट भूर सिंह मीना और इटारसी के पॉइंट्समैन शिवम शराठे शामिल हैं।

इंजन से तेल रिसाव की दी सूचना

हर्षिता राय ने 7 अक्टूबर को सुबह करीब 5:30 बजे मालगाड़ी के इंजन की जांच के दौरान ब्रेक एक्सल से तेल रिसता देखा। उन्होंने तत्काल मंडल नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। जांच में संबंधित ब्रेक में खराबी मिली और उसे व्हील बदलने के लिए अलग किया गया।

टाई बार रॉड टूटी मिली

11 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 11408 के मोहासा स्टेशन पर खड़े होने के दौरान सहायक लोको पायलट मुरारी दुबे ने इंजन के नीचे जांच में सातवें और आठवें पहिए के बीच टाई बार रॉड टूटी हुई देखी। लोको पायलट संजय उइके ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद लोको को खराब घोषित कर दिया गया।

ट्रैक्शन मोटर से निकल रहा था धुआं

बीना के सहायक लोको पायलट भूर सिंह मीना ने 7 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 11072 में ड्यूटी के दौरान बरेठ स्टेशन पहुंचते समय ट्रैक्शन मोटर नंबर चार से धुआं निकलते देखा और जलने की गंध महसूस की। उन्होंने ट्रेन को सुरक्षित रोका और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मोटर को आइसोलेट कराया। इससे आग लगने का खतरा टल गया।

मालगाड़ी के वैगन में लगी थी आग

इटारसी के पॉइंट्समैन शिवम शराठे ने 7 अक्टूबर को शाम की ड्यूटी के दौरान मालगाड़ी के एक वैगन के ब्रेक पाइप में आग लगी देखी। उन्होंने खतरे का संकेत देकर ट्रेन रुकवाई और आग बुझाने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अमित सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. प्रमोद पंडित जाधव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) रामेन्द्र पांडेय और सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर प्रतीक नाचनकर मौजूद रहे।

डीआरएम पंकज त्यागी ने कर्मचारियों की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक रेलकर्मी की जिम्मेदारी और सजगता यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है।

Exit mobile version