कोलार में श्रीमद् भागवत कथा में हुआ वामन चरित्र का वर्णन, भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

भोपाल। कोलार के सर्वधर्म क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन राष्ट्रीय कथा वाचक ने श्रद्धालुओं को भगवान वामन के चरित्र का आध्यात्मिक महत्व बताया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति भाव में डूबकर प्रसंगों का आनंद लिया।

कथावाचक पंडित दीनदयाल शास्त्री ने कहा कि भगवान ने सृष्टि के कल्याण और धर्म की स्थापना के लिए समय-समय पर विभिन्न स्वरूप धारण किए। भगवान विष्णु के 24 स्वरूपों में वामन अवतार का विशेष महत्व है। वामन भगवान ने राजा बलि से तीन पग भूमि का दान मांगकर धर्म, विनम्रता और भक्ति की महत्ता का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि भगवान अपने भक्तों के प्रेम और श्रद्धा से बंधे होते हैं। सच्ची भक्ति के सामने भगवान भी भक्तों के वश में हो जाते हैं। मानव जीवन का उद्देश्य ईश्वर के प्रति समर्पण और सद्कर्मों के मार्ग पर चलना है।

आज मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

सुंदर गुलाब सर्वधर्म संस्कृति विकास समिति के अध्यक्ष ने बताया कि कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

कथा में हुजूर विधायक भी पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ पर पहुंचकर आचार्य का स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर ऋषिकेश राय ने विधायक रामेश्वर शर्मा का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भजन, संगीत और भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

Exit mobile version