चित्रकूट के नेत्र चिकित्सालय भेजे गए मरीज, डॉक्टर और 10 केयरटेकर भी साथ रवाना
भोपाल। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के 46 मरीजों का चित्रकूट स्थित नेत्र चिकित्सालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की पहल पर मरीजों के उपचार, आने-जाने, भोजन और देखभाल की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को मंत्री राजपूत ने मातेश्वरी निवास से बस को हरी झंडी दिखाकर मरीजों को रवाना किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। ये सभी मरीज जैसीनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर में चिन्हित किए गए थे। शिविर में सुरखी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने आंखों की जांच कराई थी। इनमें महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मिले मरीजों के ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है।
ऑपरेशन के बाद चश्मे भी मिलेंगे
चित्रकूट के नेत्र चिकित्सालय में सभी 46 मरीजों का निःशुल्क उपचार और ऑपरेशन कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार उन्हें चश्मे और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
देखभाल के लिए डॉक्टर और केयरटेकर साथ
मरीजों की सुविधा के लिए उनके साथ चिकित्सक और करीब 10 केयरटेकर भी भेजे गए हैं। ये उपचार के दौरान मरीजों की देखभाल करेंगे। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। भोजन सहित अन्य जरूरी इंतजामों की जिम्मेदारी भी मंत्री की ओर से उठाई जा रही है।
इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आंखों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। कई बार खर्च और उचित जानकारी के अभाव में लोग मोतियाबिंद का समय पर ऑपरेशन नहीं करा पाते। ऐसे में निःशुल्क उपचार और परिवहन की व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
