भोपाल। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत गुना रेलवे स्टेशन> का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। लगभग 34.80 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, दिव्यांगजन-अनुकूल और यात्री सुविधाओं से युक्त बनाना है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा गुना स्टेशन
एनएसजी-4 श्रेणी के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में पहचान रखने वाले गुना स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। परियोजना के तहत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा बीना छोर पर प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 का चौड़ीकरण, प्लेटफॉर्मों की सतह में सुधार तथा चौड़े कवर ओवर शेड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिलेगी।
एस्केलेटर, लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज की सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 4 नए एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। साथ ही मौजूदा 2 लिफ्टों के अतिरिक्त एक नई लिफ्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
दिव्यांगजन अनुकूल बनेगा स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन परिसर में दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रैंप, संकेतक बोर्ड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि सभी यात्रियों को समान और सहज यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
स्टेशन भवन को मिलेगा नया स्वरूप
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन भवन के अग्रभाग को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। प्रतीक्षालयों, यात्री सुविधाओं और शौचालयों का भी उन्नयन किया जा रहा है। इसके साथ ही अतिरिक्त पहुंच मार्ग विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
क्षेत्रीय विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि गुना स्टेशन का पुनर्विकास न केवल रेलवे अवसंरचना को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
भोपाल मंडल द्वारा परियोजना की नियमित निगरानी की जा रही है और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के प्रयास जारी हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद गुना रेलवे स्टेशन आधुनिक रेलवे सुविधाओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरेगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुना रेलवे स्टेशन का हो रहा कायाकल्प, 34.80 करोड़ रुपये से होंगे आधुनिक विकास कार्य
