IFFI में दिखाई गईं मध्यप्रदेश की ग्रामीण संस्कृति पर बनी दो फिल्में

गोवा फिल्म महोत्सव में ‘मन इते रामगांव हो’ और ‘डेरा: अ होम इन मोशन’ का प्रदर्शन, ग्रामीण पर्यटन और घुमंतु समुदायों की परंपराओं को मिली पहचान

भोपाल। मध्यप्रदेश की ग्रामीण संस्कृति, पर्यटन और लोक परंपराओं पर बनी दो हिंदी फिल्मों का गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में प्रदर्शन किया गया। 21 नवंबर को पणजी में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की फिल्म ‘मन इते रामगांव हो’ और मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की फिल्म ‘डेरा: अ होम इन मोशन’ दिखाई गईं। दोनों फिल्मों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण जीवन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।

डिंपल डुगर के निर्देशन में बनी ‘मन इते रामगांव हो’ में महेश्वर, मांडू, तामिया और सतपुड़ा के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ग्रामीण जीवन, लोक संगीत और स्थानीय लोगों के आतिथ्य को दिखाया गया है। फिल्म में अमित त्रिवेदी का संगीत है, जिसमें बुंदेली लोक संगीत की झलक भी शामिल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना है।

वहीं, डॉ. सुधीर आजाद के निर्देशन में बनी ‘डेरा: अ होम इन मोशन’ में गाड़िया लोहार, रेवारी, कुचबंधिया, कालबेलिया और पारधी समुदायों के जीवन को दिखाया गया है। फिल्म में इन घुमंतु समुदायों की परंपराओं, रहन-सहन, पहचान और पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक ज्ञान को दर्शाया गया है।

संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि फिल्मों का महोत्सव में चयन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण है। पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. के अनुसार, मध्यप्रदेश में अब तक 500 से अधिक फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। फिल्म पर्यटन से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version