गोहद को जिला बनाने की मांग, सांसद संध्या राय को सौंपा प्रतिवेदन

गोहद, मौ, मेहगांव, गोरमी तहसीलों और मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र को प्रस्तावित जिले में शामिल करने की मांग

गोहद। गोहद को नया जिला बनाने की मांग अब तेज हो गई है। इस संबंध में सोमवार को गोहद जिला गठन जनअभियान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने भिंड-दतिया सांसद संध्या राय से मुलाकात कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से इस मांग को शासन और मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने की अपील की।

प्रतिवेदन में गोहद को जिला मुख्यालय बनाने के साथ गोहद, मौ, मेहगांव और गोरमी तहसीलों तथा मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र को नए जिले में शामिल करने का प्रस्ताव दिया गया है। समिति का कहना है कि गोहद की ऐतिहासिक पहचान, मालनपुर की औद्योगिक क्षमता और क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था जिला गठन के लिए मजबूत आधार हैं। इसके अलावा प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए भी नया जिला बनाया जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित जिले की सीमाओं का जीआईएस और राजस्व अभिलेखों के आधार पर निर्धारण कराने, जनसंख्या का आधिकारिक सर्वेक्षण कराने तथा प्रशासनिक और आर्थिक व्यवहार्यता की जांच करने की मांग रखी। सांसद से आग्रह किया गया कि वे इस जनहितकारी प्रस्ताव के लिए शासन स्तर पर आवश्यक अनुशंसा कराने में सहयोग करें।

समिति के अनुसार, जिला बनने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, औद्योगिक निवेश और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिल सकेगी। अभियान का नारा है- एक जिला, पांच विकास केंद्र और पूरे क्षेत्र का साझा आत्मनिर्भर भविष्य।

गोहद जिला गठन जनअभियान समिति और व्यवस्था परिवर्तन संगठन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी महेश श्रीवास्तव, अभिनाश भटेले, मनोज थापक, हरीश चंद्र शुक्ला, नारायण शर्मा, आकाश शर्मा, रितिक यादव, गौरव राज तेजस्वी, पुखराज भटेले, सोनू राठी, गौरव भटेले और शुभम भटेले सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version