State

ऑपरेशन सिंदूर की वीरता को समर्पित भोपाल मंडल की तिरंगा यात्रा और देशभक्ति आयोजन

रेलवे स्टेशनों पर तिरंगी रोशनी, देशभक्ति गीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भारतीय सेना को श्रद्धांजलि

भोपाल, । भोपाल रेल मंडल ने भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को गौरवपूर्ण रूप से स्मरण करते हुए रेलवे स्टेशनों पर तिरंगा यात्रा एवं देशभक्ति आयोजनों की भव्य श्रृंखला का आयोजन किया। इन आयोजनों के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य को सम्मानित करते हुए आमजन के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त किया गया।

तिरंगे में रंगे स्टेशन, गूंजे देशभक्ति गीत

भोपाल, रानी कमलापति एवं इटारसी रेलवे स्टेशन को तिरंगे की रंगीन रोशनी से सजाकर देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया गया। भोपाल मंडल के पाँच प्रमुख स्टेशनों – भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, नर्मदापुरम एवं गुना में वीडियो स्क्रीन के माध्यम से और अन्य स्टेशनों पर घोषणा प्रणाली के जरिए देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया गया। यात्रियों को भारतीय सेना के अदम्य साहस का अहसास कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई।

मंडल कार्यालय से तिरंगा यात्रा का आयोजन

आज सुबह 8 बजे, भोपाल मंडल रेल कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो हबीबगंज स्थित रेलवे कॉलोनी के सामुदायिक भवन तक सम्पन्न हुई। इस उत्साहजनक यात्रा में मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, RPF कर्मी, स्काउट एंड गाइड के सदस्य और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

बीना, इटारसी और गुना में भी तिरंगा रैली

भोपाल मंडल के बीना, इटारसी और गुना स्टेशनों पर स्थानीय रेल कर्मचारियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। इन रैलियों में देशभक्ति के जयघोष और राष्ट्रगान के माध्यम से आमजनों को भारतीय सेना के प्रति सम्मान प्रकट करने का संदेश दिया गया।

नुक्कड़ नाटक से जागी देशभक्ति की भावना

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आयोजित नुक्कड़ नाटक, जिसे भोपाल रेलवे सांस्कृतिक अकादमी ने प्रस्तुत किया, ने यात्रियों और उपस्थित लोगों को भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और समर्पण से रूबरू कराया। इस सजीव प्रस्तुति ने समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को और भी सुदृढ़ किया।

सेना को श्रद्धांजलि और नागरिकों को प्रेरणा

रेल प्रशासन द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु किये गए इन प्रयासों ने आमजन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और सम्मान की चेतना को जागृत किया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने कहा कि “हमारा संकल्प है कि भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाते रहें, ताकि प्रत्येक नागरिक देश के लिए योगदान देने को प्रेरित हो।”

Related Articles