संध्या और सुबह के अर्घ्य में उमड़े श्रद्धालु, छठ जागरण में भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
भोपाल। अयोध्या नगर स्थित सरयू सरोवर उद्यान में तीन दिवसीय छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूर्वांचल सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में व्रतधारियों और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।
महोत्सव के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम 3:30 से 7 बजे तक संध्या अर्घ्य दिया गया। इसके साथ ही छठ जागरण का आयोजन हुआ। तीसरे दिन 16 नवंबर को सुबह 4 से 7 बजे तक व्रतधारियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया। जागरण में भक्ति गीतों के माध्यम से छठी मैया की आराधना की गई।
छठ व्रत रखने वाली शिक्षिका रिया सिंह ने बताया कि छठ पूजा प्रकृति, सूर्य और जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति आभार जताने का पर्व है। यह पर्व संयम, अनुशासन, स्वच्छता और त्याग का संदेश देता है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में संतुलन, आशा और सकारात्मकता का महत्व बताती है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
पूर्वांचल सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष कौशल झा ने कहा कि छठ महापर्व सामूहिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सभी व्रतधारियों ने विधि-विधान से पूजा कर अपना संकल्प पूरा किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं और समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के दौरान सरयू सरोवर उद्यान में पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।
