बीट पुलिसिंग के जरिए मिली सफलता, बाइक से ले जा रहा था 291 क्वार्टर देशी मदिरा

भोपाल: शाहजहांनाबाद पुलिस की कार्रवाई, शराब तस्कर गिरफ्तार; 52.38 लीटर अवैध

भोपाल। शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में भोपाल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहजहांनाबाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 53 लीटर अवैध शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त नगरीय भोपाल के निर्देश पर की गई। उन्होंने भोपाल शहर में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मुखबिर तंत्र विकसित कर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भोपाल एवं पुलिस उपायुक्त जोन-3 के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।

अति. पुलिस उपायुक्त जोन-3 और सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहांनाबाद के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार 19 और 20 जून 2026 की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर क्षेत्र में जा रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक माधव सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से रवाना की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी रोहित कौशिक पिता पप्पू कौशिक (18 वर्ष), निवासी मल्टी ए-09 एफ-06, बाजपेयी नगर, ईदगाह हिल्स, थाना शाहजहांनाबाद, भोपाल को पकड़ा।

291 क्वार्टर देशी शराब बरामद

तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखे झोले और बोरी से 291 क्वार्टर देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 52.380 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 26,190 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में उपयोग की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP04YV-5205 भी जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए गिरफ्तार किया गया और उसके विरुद्ध थाना शाहजहांनाबाद में अपराध क्रमांक 353/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस आरोपी से जब्त शराब के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी आईसीजेएस के माध्यम से प्राप्त की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान, उप निरीक्षक माधव सिंह परिहार, आरक्षक 4719 मुकेश तिवारी, आरक्षक 3866 विवेक तिवारी और आरक्षक 56 सुदीप चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version