State

12 दिन में जुआ-सट्टे के खिलाफ प्रदेशभर में कार्रवाई, 79 लाख की संपत्ति जब्त

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान चलाकर पिछले 12 दिनों में 79 लाख 17 हजार 240 रुपए की संपत्ति जब्त की है। अलग-अलग जिलों में पुलिस ने जुए के फड़ों पर दबिश देकर बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति में नकदी, चारपहिया वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री शामिल है।

पुलिस के अनुसार टीकमगढ़ जिले में सबसे अधिक 22.29 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई। यहां मोहनगढ़ और पलेरा पुलिस ने कार्रवाई कर 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया। सीहोर में 16.29 लाख रुपए की संपत्ति जब्त हुई। यहां कोतवाली पुलिस ने एक होटल में कार्रवाई कर पांच जुआरियों से 10.85 लाख रुपए नकद बरामद किए।

कटनी में जंगल में चल रहे जुए के फड़ों पर दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिले में कुल 13.07 लाख रुपए की संपत्ति जब्त हुई। छतरपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 10.54 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।

इसके अलावा दमोह में 4.15 लाख, मुरैना में 3.09 लाख, खंडवा में 2.30 लाख, अशोकनगर में 1.84 लाख, विदिशा में 1.80 लाख और सिवनी में 1.25 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई। दतिया सहित पन्ना, शिवपुरी, ग्वालियर, झाबुआ, गुना और सतना में भी पुलिस ने जुआरियों को गिरफ्तार कर नकदी और अन्य सामग्री जब्त की।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। साथ ही नागरिकों से जुआ और सट्टे से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने की अपील की है।

Related Articles