State

बेटी की मौत के बाद धार्मिक रस्म निभाने पहुंचे परिवार पर हमले का आरोप, बेटा लापता

पारधी समाज की महिला ने कलेक्टर से की शिकायत, पुलिसकर्मियों पर गर्भवती महिला को पीटने और बेटे को जबरन ले जाने का आरोप; जांच के आदेश

भोपाल। बैरसिया तहसील के ग्राम कड़ैयाशाह में पारधी समाज के एक परिवार ने पुलिस और ग्रामीणों पर मारपीट, धमकी और बेटे को जबरन उठाकर ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर कृष्णा बाई ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी 14 वर्षीय बेटी के साथ दुर्व्यवहार हुआ था। पुलिस में शिकायत करने पर न्याय दिलाने के बजाय उन्हें डराया-धमकाया गया और किशोरी को रातभर थाने में रखने के बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद मां-बेटी राजस्थान चली गईं, जहां तनाव और खाना-पीना छोड़ने के कारण किशोरी की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि बेटी की मौत के बाद अस्थि संबंधी धार्मिक रस्म निभाने गांव पहुंचे तो एसआई कौरव, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान गर्भवती महिला के पेट में डंडा मारने और करीब 20 वर्षीय बेटे राजीव को जबरन ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पांच एकड़ जमीन को लेकर विवाद की बात आई सामने
परिवार ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी तलाश और न्याय की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी के अनुसार, कृष्णा बाई के ससुर तीन साल पहले पांच एकड़ जमीन सात लाख रुपए में बेच चुके हैं। परिवार इसी जमीन पर अस्थियां दफनाने पहुंचा था, जहां जमीन मालिकों और परिवार के बीच विवाद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भीड़ को हटाया। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने 27 नवंबर को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Related Articles