भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में मंगलवार को आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रारंभ अवसर पर मां दुर्गा गायत्री चेतना केंद्र, साईनाथ नगर कोलार से 151 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा शाम 4 बजे साईनाथ नगर स्थित मां दुर्गा गायत्री चेतना केंद्र से प्रारंभ होकर सर्वधर्म डी सेक्टर स्थित मंदिर वाचनालय कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित दीनदयाल शास्त्री श्रीधाम वृंदावन घोड़ा बग्गी पर सवार होकर शामिल हुए। डीजे, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए कलश लेकर चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की।
कलश यात्रा का जगह-जगह व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए और धार्मिक उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
इस सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन सुंदर गुलाब सर्वधर्म संस्कृति विकास समिति द्वारा कराया जा रहा है। समिति अध्यक्ष सतीश चौरसिया ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से हरि इच्छा तक राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित दीनदयाल शास्त्री जी के श्रीमुख से सुनाई जाएगी।
कथा का आयोजन 16 जून 2026 से प्रारंभ होकर 22 जून 2026 को सुदामा चरित्र प्रसंग और पूर्णाहुति हवन के साथ संपन्न होगा। इसके अगले दिन 23 जून 2026 मंगलवार को श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कलश यात्रा में मुख्य रूप से संरक्षक सुनीता गुड्डू भदौरिया सहित ऋषिकेश राय, अभिमन्यु शर्मा, गुड्डू चौरसिया, राजेंद्र बाजपेयी, कमलेश राठौर, भगवान दास विश्वकर्मा, हैप्पी भटनागर, आकाश मालवीय, अंशुल अग्रवाल, दिलीप चौरसिया सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से कोलार क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।