
भोपाल। मां वैष्णो धाम आदर्श नौ दुर्गा मंदिर के व्यवस्थापक पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि श्रावण माह के द्वितीय सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ का रुद्राभिषेक गो दुग्ध और फलों के रस से किया जाएगा। माताएं और बहनें अखंड सौभाग्य एवं सुख-समृद्धि की कामना के लिए अभिषेक करेंगी। भगवान पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार भी होगा।
पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि पिछले 8 साल 6 महीने (8.5 वर्ष) से निरंतर भगवान पशुपतिनाथ का रुद्राभिषेक किया जा रहा है। यहां भगवान पशुपतिनाथ समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं, और दूर-दूर से श्रद्धालु उनके दर्शन करने आते हैं। श्रावण महोत्सव में प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे से नित्य रुद्राभिषेक होता है, जिसमें गुरुकुल के छात्र प्रतिदिन वेद पाठ करते हैं।