-अधिकारियों ने संबंधितों को दिए समाधान के निर्देश
भोपाल, नवंबर. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को जोन क्रमांक 8 के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड (वार्ड क्रमांक 46) में जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई की। शिविर में महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और विधायक भगवानदास सबनानी शामिल हुए। नगर निगम अध्यक्ष ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने वार्ड का निरीक्षण कर नागरिकों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने पेयजल समस्या की शिकायत की। कलेक्टर ने अधिकारियों को पेयजल और सीवेज संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। कॉलोनी में अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा। कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को वार्ड में कचरे का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने और नागरिकों को गीले-सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण तय समय-सीमा में करने को कहा।
