भोपाल। नगर निगम ने अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोन-17 के ग्राम लाम्बाखेड़ा में करीब दो एकड़ जमीन पर विकसित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया। खसरा क्रमांक 3/1/1/1 की जमीन पर विकसित कॉलोनी में सीमेंट-कंक्रीट के मार्ग और अन्य अनधिकृत निर्माण किए गए थे। निगम अमले ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन्हें तोड़ दिया।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। कार्रवाई नेरला सिटी प्लानर अनिल कुमार साहनी के पर्यवेक्षण में सहायक यंत्री प्रदीप कुमार जड़िया और अतिक्रमण अमले ने की।
नगर निगम ने अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। साथ ही नागरिकों से जमीन खरीदने से पहले भूमि और कॉलोनी की वैधानिक स्थिति तथा सक्षम प्राधिकारी से प्राप्त अनुमतियों की जांच करने की अपील की है। निगम ने अनधिकृत कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचने की सलाह भी दी है।
