निगम आयुक्त ने सेना के अधिकारियों के साथ की समीक्षा, परेड मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर सफाई, पेयजल व रोशनी की व्यवस्था का दिया भरोसा
भोपाल। आर्मी डे परेड की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। सोमवार को निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सेना के अधिकारियों के साथ निगम मुख्यालय अटल भवन में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए परेड के मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और आयोजन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
निगम आयुक्त ने बताया कि सेना दिवस की तैयारियों के तहत एयरपोर्ट से सतगढ़ी सहित अन्य स्थानों तक करीब 37 किलोमीटर के दायरे में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। इसमें सड़कों की सफाई, मार्गों की धुलाई और सौंदर्यीकरण के काम कराए गए हैं।
अहिरवार ने कहा कि परेड मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर नगर निगम की ओर से बेहतर सफाई, पेयजल, सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट और अन्य विद्युत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने सेना के अधिकारियों को आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बैठक में अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव सहित नगर निगम और सेना के अधिकारी मौजूद रहे।
