
भोपाल: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए दिए जाने वाले नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत भोपाल जिले की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोलार को गुणवत्ता प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ है। इस संस्था को 92% अंक प्राप्त हुए हैं, जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी किया गया है।
भारत सरकार के दल ने 8 और 9 जुलाई को संस्था का मूल्यांकन किया था। मूल्यांकन दल ने संस्था और समुदाय में प्रदान की जा रही सेवाओं की विस्तृत जांच की, जिसमें सभी रिकॉर्ड्स, रजिस्टर और मरीजों को दी जा रही सेवाओं के प्रोटोकॉल की जांच शामिल थी। इसके अलावा, सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, और आशा कार्यकर्ता से फील्ड अनुभवों का फीडबैक लिया गया और उनकी क्षमता का आकलन भी किया गया।
मूल्यांकन दल ने हितग्राहियों से बातचीत करके संस्था में दी जा रही सेवाओं का फीडबैक लिया और मैदानी स्तर पर दी जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। मूल्यांकन विभिन्न 9 सर्विस पैकेजेस की चेकलिस्ट अनुसार किया गया, जिसमें एक्सीडेंट और इमरजेंसी, आउट पेशेंट, लेबर रूम, इन पेशेंट, लैबोरेटरी, रेडियोलॉजी, फार्मेसी, स्टोर, ऑक्सीलरी सर्विसेज, प्रशासन और आउटरीच गतिविधियों सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल, डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और सभी संस्थाओं का संचालन क्वालिटी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। एनकॉस में सर्विस प्रोविजन, मरीजों के अधिकार, इनपुट्स, सपोर्ट सर्विसेज, क्लिनिकल देखभाल, इंफेक्शन कंट्रोल, क्वालिटी मैनेजमेंट और आउटकम जैसे आठ क्षेत्रों को शामिल किया जाता है।