State

गीतांजलि वार्ड में 13 नवंबर को लगेगा जनकल्याण शिविर, 14 अधिकारी करेंगे सरकारी संस्थानों का निरीक्षण

भोपाल, 12 नवंबर. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 13 नवंबर को गीतांजलि वार्ड-13, जोन क्रमांक-3 में जनकल्याण शिविर लगाया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाया जाएगा। अभियान के तहत वार्ड में स्थित शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए 14 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर कलेक्टर भोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। अधिकारी विधानसभा क्षेत्र मध्य के अंतर्गत आने वाले इस वार्ड के आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी स्कूलों, उचित मूल्य की दुकानों, छात्रावासों और अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और उनके संचालन की स्थिति की जांच की जाएगी। इसके साथ ही जिला जीआईएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से संस्थानों का सत्यापन भी किया जाएगा। इसके लिए खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, उद्यानिकी, नापतौल, मत्स्य, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास और प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

Related Articles