State

जबलपुर में भारी बारिश से बरगी बांध फुल; 9 गेट खोलने की तैयारी, नर्मदा तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी

जबलपुर, । मध्यप्रदेश के जबलपुर ज़िले में मूसलाधार बारिश के चलते बरगी बांध में जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुँच गया है। प्रशासन और बांध प्रबंधन ने सतर्कता बरतते हुए निर्णय लिया है कि कुछ ही समय में बांध के 21 में से 9 गेट औसतन 1.33 मीटर ऊँचाई तक खोले जाएंगे, जिससे बड़ी मात्रा में पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जाएगा।

जल स्तर और पानी की स्थिति

बांध का जलस्तर: सुबह 11 बजे तक 417.40 मीटर रिकॉर्ड किया गया। बांध में प्रवेश कर रहा पानी: 98,742 क्यूसेक। बांध से छोड़ा जाने वाला पानी: 52,195 क्यूसेक। पूर्ण जलभराव स्तर: 422.76 मीटर। ऑपरेशनल मैन्युअल के अनुसार जलस्तर सीमा (31 जुलाई तक): 417.50 मीटर। इस आधार पर, तय जलस्तर को नियंत्रित रखने और संभावित खतरे से निपटने के लिए गेट खोलने का निर्णय लिया गया है।

कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश बनी कारण

बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते बांध में जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इसी तरह की बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए जल प्रबंधन नीति के तहत यह निर्णय लिया गया है।

नर्मदा तटवर्ती इलाकों में बढ़ेगा जलस्तर, अलर्ट जारी

बांध के गेट खुलने से नर्मदा नदी के जलस्तर में वृद्धि होगी, जिससे नर्मदा तटीय गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इस स्थिति से निपटने हेतु बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों के निवासियों के लिए सतर्कता अलर्ट जारी किया है। एनडीआरएफ और SDRF टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। निचले इलाकों में मुनादी और सूचना प्रसारण के माध्यम से चेतावनी दी जा रही है।

प्रशासन की अपील: सावधानी बरतें, तटीय इलाकों से दूर रहें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नर्मदा नदी के किनारे या जलभराव संभावित क्षेत्रों में न जाएं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित स्थानों पर रखें। प्रशासन द्वारा जारी की जा रही सूचनाओं का पालन करें।

Related Articles