धनतेरस पर पुलिस ने लौटाईं लोगों की खुशियां, पांच दिन में 3.90 करोड़ के 1748 मोबाइल बरामद

CEIR पोर्टल और तकनीकी जांच से खोजे गए गुम व चोरी हुए मोबाइल, उज्जैन में सबसे ज्यादा 524 और इंदौर में 323 फोन मिले

भोपाल, 6 नवंबर। धनतेरस और दीपावली के मौके पर मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश के नागरिकों को बड़ी राहत दी है। पुलिस ने पिछले पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गुम और चोरी हुए 1748 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।

जिलावार कार्रवाई में उज्जैन पुलिस ने 524 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इंदौर में 323 मोबाइल फोन मिले, जिनकी कीमत 89 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। नरसिंहपुर में 201 मोबाइल (75 लाख रुपये), छिंदवाड़ा में 151 मोबाइल (26.58 लाख रुपये), मंदसौर में 115 मोबाइल (23 लाख रुपये) और पांढुर्णा में 111 मोबाइल (18.50 लाख रुपये) बरामद किए गए।

इसी तरह खंडवा में ऑपरेशन सहयोग के तहत 102 मोबाइल (21.81 लाख रुपये), सतना में 115 मोबाइल (17 लाख रुपये) और जबलपुर में 86 मोबाइल (15 लाख रुपये) खोजे गए। शिवपुरी के नरवर में दुकान से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

उज्जैन और इंदौर में विशेष कार्रवाई

उज्जैन पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा चिमनगंज मंडी क्षेत्र की गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल, एक एप्पल आईपैड और सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 2.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

इंदौर में जोन-3 पुलिस ने 168 मोबाइल, क्राइम ब्रांच ने 106 और परदेशीपुरा पुलिस ने 13 मोबाइल बरामद किए। वहीं राजेंद्र नगर क्षेत्र में नकबजनी का खुलासा करते हुए 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए, जिनकी कीमत 11.40 लाख रुपये है।

तकनीक से खोजे जा रहे गुम मोबाइल

पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर उनकी पहचान और ट्रैकिंग में मदद मिलती है। प्रदेश की साइबर टीमें तकनीकी साक्ष्यों के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल खोजकर संबंधित लोगों तक पहुंचा रही हैं। दीपावली के अवसर पर हुई इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले नागरिकों को राहत मिली है।

Exit mobile version