भगवान महावीर का निर्वाण महोत्सव 9 नवंबर को, मंदिरों में चढ़ाए जाएंगे निर्वाण लाडू

शहर के जैन मंदिरों में होंगे अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना; संतों के सानिध्य में चातुर्मास का निष्ठापन भी होगा

भोपाल। अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर का निर्वाण महोत्सव 9 नवंबर, सोमवार को शहर के जैन मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों में भगवान महावीर का अभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। समाज के लोग निर्वाण लाडू अर्पित कर भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक का उत्सव मनाएंगे। इसी दिन संतों के सानिध्य में भक्ति पाठ के साथ वर्षायोग यानी चातुर्मास का निष्ठापन भी किया जाएगा।

रानी कमलापति (हबीबगंज) स्थित मंदिर में आचार्य समय सागर महाराज और शांति नाथ जिनालय में उपाध्याय विश्रुत सागर महाराज के सानिध्य में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

महोत्सव के लिए मंदिर समितियों की ओर से निर्वाण लाडू तैयार किए जा रहे हैं। नंदीश्वर जिनालय समिति के अध्यक्ष प्रमोद चौधरी एडवोकेट ने बताया कि लाडू और काजू कतली पारंपरिक विधि से पूरी शुद्धता का ध्यान रखते हुए बनाई जा रही है। इनके दाम केवल लागत के आधार पर तय किए गए हैं, ताकि समाज के लोगों को उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध हो सके।

इस सेवा कार्य में नंदीश्वर जिनालय समिति के डॉ. सर्वज्ञ जैन, निर्मल मुनीम, विवेक जैन, शीलचंद्र लक्कया सहित अन्य पदाधिकारी सहयोग कर रहे हैं। चौक और टीटी नगर की मंदिर समितियों की ओर से भी समाज के लोगों को निर्वाण लाडू उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

Exit mobile version