60 साल में नया भोपाल चमका, पुराना शहर विकास की राह देखता रह गया दो मास्टर प्लान बने

राजधानी का विस्तार हुआ, नए बाजार और चौड़ी सडक़ें बनीं,
चौक, इतवारा, जुमेराती और बुधवारा आज भी पार्किंग, ट्रैफिक, जर्जर मकानों और बुनियादी सुविधाओं से वंचित
भोपाल, 12 नवंबर. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल ने पिछले छह दशकों में विकास के कई पड़ाव पार किए हैं। शहर का दायरा बढ़ा, नई कॉलोनियां बसीं, चौड़ी सडक़ें बनीं, बड़े बाजार और व्यावसायिक केंद्र विकसित हुए। टीटी नगर, न्यू मार्केट, एमपी नगर और अरेरा कॉलोनी जैसे नए क्षेत्रों ने आधुनिक भोपाल की पहचान बनाई, लेकिन पुराने शहर की तस्वीर में अपेक्षित बदलाव नहीं आ सका। चौक बाजार, इतवारा, जुमेराती, बुधवारा, इब्राहिमपुरा और मंगलवारा जैसे इलाके आज भी उन्हीं पुरानी सडक़ों, संकरी गलियों और सीमित सुविधाओं के बीच अपनी रफ्तार तलाश रहे हैं। पुराने शहर के पिछड़ेपन की एक बड़ी वजह यहां की ऐतिहासिक बसावट और बढ़ती आबादी के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं होना है। आजादी के बाद 1956 में भोपाल मध्यप्रदेश की राजधानी बना। इसके बाद सरकारी कार्यालयों और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए नए राजधानी क्षेत्र को विकसित करने की जरूरत महसूस हुई। वर्ष 1959 में राजधानी परियोजना क्षेत्र की योजना तैयार हुई। 1962-63 में पूरे शहर के लिए अंतरिम विकास योजना बनाई गई। इसके बाद 1975 में भोपाल विकास योजना 1991 और जून 1995 में भोपाल विकास योजना 2005 अधिसूचित की गई। इन योजनाओं में नए क्षेत्रों के विकास के लिए कई प्रस्ताव बने, लेकिन पुराने शहर की बढ़ती जरूरतों के हिसाब से व्यापक पुनर्विकास नहीं हो सका। नए शहर के विकास की दिशा में टीटी नगर और न्यू मार्केट इसका उदाहरण हैं। न्यू मार्केट की योजना 1960 के दशक में राजधानी परियोजना और टीटी नगर के सरकारी आवासीय क्षेत्र की व्यावसायिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई गई थी। 1970 से 1980 के बीच यहां सरकारी स्तर पर दो चरणों में 320 दुकानें बनाई गईं। दूसरी ओर पुराने शहर के बाजार समय के साथ आबादी और कारोबार के दबाव में फैलते गए, लेकिन उनके अनुरूप सडक़, पार्किंग और यातायात व्यवस्था विकसित नहीं हुई।
-बाजार हैं बड़े, लेकिन पार्किंग की जगह नहीं
आज पुराने शहर के बाजारों में खरीदारी करना लोगों के लिए आसान नहीं रह गया है. चौक बाजार और जुमेराती जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चार पहिया वाहन लेकर पहुंचना मुश्किल है। पीरगेट, इब्राहिमपुरा और मोती मस्जिद के आसपास पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद बाजार के अंदर तक पहुंचने के लिए लोगों को 300 से 500 मीटर तक पैदल चलना पड़ता है। इतवारा और बुधवारा में भी वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। त्योहारों और शादी के सीजन में स्थिति और बिगड़ जाती है। कई बार बाजारों में वाहनों का प्रवेश बंद करना पड़ता है। संकरी सडक़ों पर दुकानों के बाहर रखा सामान, ठेले और बेतरतीब खड़े वाहन आवाजाही की जगह कम कर देते हैं। हमीदिया रोड, मंगलवारा, सुल्तानिया रोड, भोपाल टॉकीज और पीरगेट पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे व्यापारियों के साथ ग्राहकों और स्थानीय रहवासियों को भी परेशानी होती है।
-सडक़, सीवेज और सफाई की समस्याएं बरकरार
पुराने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सडक़ें जर्जर हैं। रॉयल मार्केट से मॉडल स्कूल मार्ग, भोपाल टॉकीज से रेलवे क्रॉसिंग, अग्रसेन चौराहे से शाहजहांनाबाद और स्टेट बैंक चौराहे से करबला रोड तक गड्ढों और खराब सडक़ की शिकायतें सामने आती रहती हैं। सीवेज और पाइपलाइन के लिए बार-बार होने वाली खुदाई के बाद सडक़ों की ठीक से मरम्मत नहीं होने से परेशानी बढ़ती है। बारिश में निचले इलाकों और संकरी गलियों में जलभराव होता है। पुरानी सीवेज लाइनें चोक होने से कई मोहल्लों में गंदे पानी की समस्या भी बनी रहती है। घनी बसावट के कारण सफाई व्यवस्था भी चुनौतीपूर्ण है। कई गलियों में बड़े सफाई वाहन नहीं पहुंच पाते। ऐसे में कचरा उठाने और नियमित सफाई के लिए अलग व्यवस्था की जरूरत है।
-जर्जर मकानों में रहने को मजबूर परिवार
पुराने शहर की एक बड़ी समस्या जर्जर मकान हैं। कई मोहल्लों में दशकों पुरानी इमारतें हैं, जिनकी मरम्मत नहीं हो सकी है। बारिश के दौरान इन मकानों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। नगर निगम के सर्वे में पुराने शहर के कई वार्डों में जर्जर मकानों को चिह्नित किया गया है। दूसरी तरफ ऐशबाग जैसे क्षेत्रों में पुराने सरकारी आवासों को हटाने की कार्रवाई के बीच रहवासियों को वैकल्पिक आवास की चिंता रहती है। रिहायशी इलाकों में गोदाम और छोटे कारखाने खुलने से भारी वाहनों की आवाजाही भी बढ़ रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय रहवासियों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
-बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के टहलने की जगह नहीं
नए भोपाल की कॉलोनियों में पार्क, हरित क्षेत्र और खुले मैदान विकास का हिस्सा रहे हैं, लेकिन पुराने शहर में घनी बसावट के कारण स्थानीय स्तर पर ऐसे स्थानों की भारी कमी है। बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के सुबह-शाम टहलने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक जगह नहीं है। मोहल्लों में खाली जमीन भी लगातार निर्माण की भेंट चढ़ती गई। ऐसे में छोटे पार्क और सामुदायिक स्थान विकसित करना जरूरी है।
-नए मास्टर प्लान से भी उम्मीद
भोपाल के विकास की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि 1995 में अधिसूचित विकास योजना 2005 की अवधि समाप्त होने के बाद भी लंबे समय तक नई स्वीकृत योजना लागू नहीं हो सकी। वर्ष 2009 में विकास योजना 2021 का मसौदा आया, बाद में 2031 की योजना तैयार हुई। फरवरी 2024 में शासन ने 2031 के मसौदे को वापस कर 2047 की विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए। यानी शहर का नियोजन भी लंबे समय तक पुराने दस्तावेजों के सहारे चलता रहा। अब 2047 के मास्टर प्लान को लेकर पुराने शहर के लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। जरूरत है कि इसमें पुराने भोपाल को अलग विकास क्षेत्र मानकर पुनर्विकास की ठोस योजना बनाई जाए। इसमें बाजारों के आसपास पार्किंग, सडक़ों का सुधार, सीवेज नेटवर्क, जर्जर मकानों के पुनर्विकास, अतिक्रमण नियंत्रण, पार्क और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए जगह तय की जाए। राजधानी के विकास का मतलब केवल नए शहर का विस्तार नहीं होना चाहिए। पुराने भोपाल की ऐतिहासिक पहचान और यहां रहने वाली लाखों की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाना भी उतना ही जरूरी है। छह दशक बाद भी यदि पुराने शहर के लोगों को सडक़, पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है तो यह विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन पर बड़ा सवाल है।





