भोपाल, 19 जून। स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम भोपाल द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के उपयोग के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने जोन क्रमांक-8 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-27 स्थित नेहरू नगर मार्केट में अभियान चलाकर कार्रवाई की।
नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथीन, सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री और पानी के पाउच सहित अन्य सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से कुल 18 किलोग्राम पॉलीथीन एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री बरामद की गई।
निगम अमले ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ 7 प्रकरण दर्ज किए और मौके पर ही 3 हजार 500 रुपये की राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई है।