नगर निगम ने शहर के कई इलाकों से हटाए अतिक्रमण, आठ ठेले जब्त

भोपाल, 12 नवंबर. नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाए और आठ ठेले जब्त किए। निगम की टीम ने गुरुवार को छह नंबर स्टॉप से नूतन कॉलेज तक बिजली के खंभों पर लगे करीब 50 कटआउट हटाए। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर की गई। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। पांच नंबर मस्जिद के पास फुटपाथ पर रखा फर्नीचर हटाया गया। जहांगीराबाद मुर्गी बाजार में दुकानों के सामने लगी लोहे की जालियां और बरखेड़ी में नालियों पर रखी फर्शियां हटाई गईं। कस्तूरबा नगर की जनता कॉलोनी में अस्थायी छप्पर और अब्बास नगर की बंजारी बस्ती में अवैध चबूतरा हटाया गया। भानपुर में अवैध शेड भी हटाया गया। इसके अलावा अशोका गार्डन में तीन चार पहिया वाहन और जेपी नगर सर्विस रोड से झांकी का एक ट्राला हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान सडक़ों और सार्वजनिक स्थानों पर रखे ठेले, गुमठियां, काउंटर, पान पार्लर, बोर्ड, टेबल-कुर्सियां और अन्य सामान भी हटाया गया। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात और सार्वजनिक आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



